सुरक्षाबलों ने हमले की आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए शहर के एक अस्पताल से शनिवार को लश्कर-ए-ताइबा के दहशतगर्द को गिरफ्तार किया है। पिछले दिनों वह गांदरबल में हुई मुठभेड़ के दौरान भाग निकला था। सुरक्षा बल उसकी तलाश में जुटे हुए थे। यह सुरक्षा बलों के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि पकड़े गए आतंकी को सुरक्षा बलों पर हमले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा जिले में हाजिन इलाके के निवासी निसार अहमद डार को महाराजा हरि सिंह अस्पताल से गिरफ्तार किया। वह पिछले साल 12 नवंबर में गांदरबल जिले के कुल्लन में हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग निकला था। इसमें एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया गया था।
निसार ने इस पाकिस्तानी आतंकी का साथ दिया था। पुलिस पकड़े गए आतंकी से पूछताछ कर रही है। इससे पहले नए साल की शुरुआत में गांदरबल जिले से लश्कर के एक ओजीडब्ल्यू रईस अहमद लोन को गिरफ्तार किया गया था। गुंड निवासी रईस सिम कार्ड का धंधा करता था। उसने जिले में सक्रिय लश्कर के आतंकवादियों के लिए कई कार्ड पंजीकृत कराए थे।
दच्छन से पुलिस ने गिरफ्तार किए नौ ओजीडब्ल्यू, एक से 12 बोर की राइफल बरामद
दच्छन इलाके से पुलिस ने नौ ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। एक ओजीडब्ल्यू से पुलिस ने 12 बोर की राइफल भी बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को पुलिस ने दच्छन इलाके में विभिन्न स्थानों पर छापा मारा। इस कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों से नौ ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग कई तरह से आतंकियों की मदद कर रहे हैं। पुलिस इन पर कई दिनों से नजर रख रही थी और इनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को छापा मार कर सद्दाम हुसैन, गुलाम नबी, बशीर अहमद, वाली मोहम्मद, मोहम्मद रमजान, यासिर हुसैन, खजार अहमद, बशीर अहमद और जहूर अहमद को गिरफ्तार कर लिया। मोहम्मद रमजान से पुलिस ने 12 बोर की राइफल भी बरामद की है। इन पर आतंकियों की मदद करने के आरोप हैं। पुलिस स्टेशन दच्छन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
जहांगीर सरूरी को भी गिरफ्त में लेने की कोशिशें
करीब डेढ़ वर्ष के अंदर किश्तवाड़ में कई आतंकवादी वारदातें सामने आई हैं। इनकी जांच पुलिस व एनआईए की टीम कर रही है। आए दिन पुलिस की तरफ से किश्तवाड़ के विभिन्न हिस्सों में सर्च आपरेशन और छापे की कार्रवाई की जा रही है। पिछले दिनों भी दो युवक अचानक गायब हो गए थे और फिर एक युवक जब आतंकी प्रशिक्षण लेकर वापस लौट रहा था तो पुलिस ने उसको पकड़ लिया। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में युवक की टांग पर गोली भी लगी थी। पुलिस किश्तवाड़ में कई दशक से सक्रिय हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी जहांगीर सरूरी को पकड़ने का प्रयास कर रही है।