कश्मीर घाटी पर 305 पाकिस्तानी आतंकियों को खतरा मंडरा रहा है। सीजफायर उल्लंघन की आड़ में सौ से अधिक विदेशी आतंकियों की घुसपैठ के बाद सेना और सुरक्षा बलों ने विशेष आपरेशन लांच कर तलाशी तेज कर दी है।
ताजा घुसपैठ के अलावा सुरक्षा बलों के समक्ष घाटी में पहले से मौजूद 200 सक्रिय विदेशी आतंकियों की चुनौती भी है। सेना और सुरक्षा बलों ने आतंकियों की घुसपैठ रोकने के लिए बार्डर और एलओसी पर आधुनिक घुसपैठ रोधी तंत्र स्थापित करने के निर्णय पर अमल शुरू कर दिया है।
सेना के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार आतंकी घुसपैठ के मार्ग में लगातार परिवर्तन कर रहे हैं। इन चिहिन्त मार्गों पर बहुस्तरीय तैनाती की जा रही है। सीमा प्रबंधन मजबूत किया गया है। सुरक्षा बलों को उन्नत उपकरण और आधुनिक हथियार उपलब्ध कराए गए हैं। आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद दक्षिणी कश्मीर के 90 युवकों की आतंकी संगठनों में भर्ती हुई थी।