मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाले जवान
- फोटो : File Photo
पुलवामा के लितर इलाके में सीआरपीएफ और पुलिस एसओजी कैंप पर आतंकियों ने हमला कर दिया। पहले ग्रेनेड फेंका और उसके बाद फायरिंग कर दी, जिससे हेड कांस्टेबल समेत चार जवान जख्मी हो गए।
मौके पर मौजूद जवानों ने जवाबी फायरिंग की, लेकिन आतंकी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। घटना के तुरंत बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। देर रात तक तलाशी अभियान जारी था।
पुलिस सूत्रों ने बताया सीआरपीएफ की 182वीं बटालियन के शिविर पर शुक्रवार रात को आतंकियों ने ग्रेनेड हमला कर दिया। जोरदार धमाके के साथ फटे ग्रेनेड से अफरातफरी मच गई। शिविर में पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप के सदस्य भी मौजूद थे।
ग्रेनेड फेंकने के साथ ही आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दी। अंधेरा होने की वजह से आतंकियों की लोकेशन का सही पता नहीं चल पाया लेकिन सुरक्षा बलों ने जवाबी फायरिंग करते हुए आतंकियों को बड़ी वारदात करने से रोक लिया। जवाबी फायरिंग होने से आतंकी अपना बचाव करने को मजबूर हो गए और मौके से फरार हो गए।
हमले में घायल जवानों को फौरन प्राथमिक चिकित्सा के लिए निकटवर्ती अस्पताल में पहुंचाया गया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर सीआरपीएफ और एसओजी ने संयुक्त तलाशी अभियान छेड़ दिया। यह स्थान श्रीनगर से 35 किलोमीटर दूर है।