- जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां, स्थानीय मदद को लेकर भी सामने आ रही बात
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले के बदनोता में सुरक्षाबलों पर गोलीबारी के बाद धुंध और बारिश का फायदा उठाते हुए आतंकी मौके से भाग निकले। सुरक्षा एजेंसियों को मिल रहे इनपुट के अनुसार, ये आतंकी रात को डगरी टॉप तक जा पहुंचे थे। वहां रात बिताने के बाद इनके अलसुबह आगे बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। आतंकियों की ओर से कमलोह गला या फिर ढग्गर की ओर उतरने की भी आशंका है। लिहाजा सुरक्षाबलों ने चारों ओर से इन इलाकों की घेराबंदी कर दी है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, आतंकियों को लगातार इलाके में स्थानीय मदद मिलती रही है, क्योंकि लंबे समय तक इन जंगलों में छिपे रहना आतंकियों के लिए आसान नहीं था। राशन से लेकर अन्य जरूरी चीजें और भोजन आदि उपलब्ध करवाने में स्थानीय मदद से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में सक्रिय पूर्व आतंकियों और उनके करीबियों पर भी नजर बनाए हुए हैं। उधर, एजेंसियां इस इलाके में आतंकी मूवमेंट में मदद करने वालों की भी तलाश में जुट गई हैं।