-सुरक्षाबलों को घने जंगलों और अंधेरे की वजह से मुठभेड़ को रोकना पड़ा
उधमपुर। डोडा के बाद बुधवार रात उधमपुर के डुडू बसंतगढ़ के नजदीक संग चेक पोस्ट के पास आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई पर आतंकी घने जंगलों में भाग निकले। घटना रात करीब आठ बजे की है।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा बल बुधवार देर शाम डुडू बसंतगढ़ में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा बलों को अपने नजदीक आते देख आतंकियों ने फायरिंग कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर फायरिंग के बाद आतंकी जंगलों में भाग गए। सुरक्षाबलों को घने जंगलों और अंधेरे की वजह से मुठभेड़ को रोकना पड़ा। सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन में लगे हुए हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर एहतियातन गोलीबारी हुई है। किसी तरह का हमला नहीं हुआ है।