शहीद पुलिसकर्मी मंसूर अहमद डार
- फोटो : amar ujala
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में रविवार की देर शाम आतंकियों के हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया। बीते 24 घंटे में घाटी में सुरक्षा बलों का यह दूसरा हमला है, जिसमें अब तक चार जवान शहीद गए।
आतंकियों ने इस बार कोकरनाग पुलिस थाना क्षेत्र के हिलर गांव में आतंकियों ने हमला किया। पुलिसकर्मी को लक्ष्य कर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आतंकी भाग निकले।
आस-पास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शहीद पुलिसकर्मी की शिनाख्त मंजूर अहमद के रूप में हुई है। उसकी तैनाती लारनू थाने में थी जहां वह मुंशी था। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।
ज्ञात हो कि इससे पहले शनिवार को आतंकियों ने सोपोर में सुरक्षा बलों पर हमला किया था जिसमें सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए थे। दो जवान घायल हुए थे, जिनका बेस अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जिम्मेदारी द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली थी।