भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान की बौखलाहट दिनोंदिन बढ़ रही है। पाकिस्तान की ओर से लगातार सीमा पर हो रहे उल्लंघन के बीच पाकिस्तान में आतंकी कैंपों में हलचल बढ़ाई गई है । सांबा सेक्टर में सीमा के उस पार पाकिस्तान के दो लांचिंग पैड पर आतंकियों की हलचल बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार की रामगढ़ क्षेत्र में पाकिस्तान के लैहरी कलां लांचिंग पैड पर कुछ दिनों से चार से पांच आतंकियों के दल की गतिविधियों बढ़ गई हैं। सूत्रों के अनुसार की लशकर के आतंकियों को उक्त लांचिंग पैड पर लाया गया है। उन पर घुसपैठ का दबाव बनाया गया है।
पाकिस्तान का लांचिंग पैड भारतीय सीमा के करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। इसी लांचिंग पैड पर पाक सेना पीओके से प्रशिक्षण दिला कर अधिकतर आतंकियों को सीधे यहां लाती है। इस लांचिग पैड के निकट बसंतर दरिया है। इसका इस्तेमाल घुसपैठ के लिए कराया जाता है।