फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू में नेशनल हाईवे पर सुरक्षा बलों पर आतंकी हमला, आठ घंटे बंद रहा आवागमन, प्रदेश में हाई अलर्ट

Wed, 12 Sep 2018 10:37 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
इसी ट्रक में सवार थे आतंकी - फोटो : संजय गुप्ता
विज्ञापन
जम्मू से 27 किमी दूर झज्जर कोटली इलाके में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आतंकियों ने बुधवार की सुबह सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया। हालांकि, इस हमले में सुरक्षा बल का कोई जवान घायल नहीं हुआ है, लेकिन आतंकियों ने ड्यूटी पर खाकी वर्दी पहनकर जा रहे सेरीकल्चर विभाग के माली को निशाना बनाया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी है। आतंकी जम्मू से श्रीनगर की ओर एक ट्रक पर सवार होकर जा रहे थे। ट्रक की चेकिंग के दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों पर फायरिंग की। इसके बाद जंगल क्षेत्र की ओर भाग निकले। ट्रक चालक और हेल्पर को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें जेआईसी (ज्वाइंट इंट्रोगेशन सेंटर) भेज दिया गया है। पूरे इलाके को घेरकर सर्च आपरेशन चलाया गया है।
विज्ञापन


मौके से एक एके 47 राइफल, चार मैगजीन, चार ग्रेनेड, एक पिस्तौल तथा कुछ दवाइयां बरामद की गई हैं। घटना के बाद पुलिस ने आतंकियों का ब्योरा जारी करते हुए लोगों से इनकी तलाश में सहयोग की अपील की है। पुलिस के अनुसार हमला सुबह आठ बजे हुआ। इसके बाद आतंकी मौके से भाग निकले। 18 से 22 साल की उम्र के तीन आतंकी हैं जिनके पास पिट्ठू बैग है। दो के पास एके राइफल है जबकि तीसरे के पास पिस्तौल। आतंकियों में से एक ने पठानी सूट पहन रखा है जबकि दो ने पैंट-शर्ट। पुलिस ने आतंकियों का पता बताने वालों को इनाम की भी घोषणा की है।

घटना के बारे में बताया जाता है कि हाईवे पर नाके के पास पुलिस ने ट्रक को रुकने का इशारा किया, लेकिन ट्रक चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इसके बाद ट्रक का पीछा कर पकड़ लिया गया। चालक से ट्रक की जांच कराने को कहा गया तो जैसे ही उसने ट्रक के साइड का दरवाजा खोला तो उसमें छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद ट्रक से उतरकर वे मौके से भाग निकले। भागते समय झज्जर कोटली पुलिस स्टेशन के पास ड्यूटी पर जा रहे सेरीकल्चर विभाग के माली को पुलिस समझकर उन्होंने गोली मार दी। घायलावस्था में उसे जीएमसी में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

 

नाके लगाकर वाहनों की ली गई तलाशी, राजमार्ग पर तैनात की गई सेना व सीआरपीएफ 

- फोटो : संजय गुप्ता
उधमपुर में आतंकी हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सुबह ही शहर व आसपास के इलाकों में नाके लगाकर वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इसके अलावा फोर लेन राजमार्ग पर सेना व सीआरपीएफ ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए।  
जानकारी अनुसार सुबह जब उधमपुर पुलिस को झझरकोटली में आतंकी हमले की सूचना मिली तो पुलिस अलर्ट हो गई और जखैनी, सतैनी, टिकरी, रैंबल व अन्य कई इलाकों में नाके लगाकर वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया।

पुलिस ने श्रीनगर से जम्मू की तरफ जा रहे वाहनों की तलाशी लेने का काम किया। इसके अलावा जो भी संदिग्ध नजर आया, उससे भी पूछताछ की गई। बस अड्डा, रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेना व सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया। सेना राजमार्ग पर लगातार नजर रखे हुए है। इसके साथ ही सेना ने आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालयों में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए गए हैं। 

आने जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने घाटी जाने वाले ट्रकों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगा दिया। रोके जाने के बाद जखैनी, संगूर, रठियान व अन्य कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

हाईवे पर आठ घंटे जम्मू की ओर से बंद रहा यातायात

अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर पहले तो लोगों को लगा कि सेना की ओर से फायरिंग की ट्रेनिंग हो रही है या फिर बंदरों को भगाने के लिए पटाखे दागे जा रहे हैं। लेकिन जैसे ही आतंकियों को निकलकर लोगों ने भागते देखा तो वहां अफरातफरी मच गई। तत्काल हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। लगभग आठ घंटे तक हाईवे पर यातायात जम्मू की ओर से बंद रहा। सेना, सीआरपीएफ तथा एसओजी के जवानों को बुलाकर पूरे इलाके को घेरकर सर्च आपरेशन चलाया गया।

 

ट्रक चालक के दो भाई थे आतंकी

सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए ट्रक ड्राइवर के दो भाई आतंकी थे, जो कुछ समय पहले मुठभेड़ में मारे गए। चालक दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला बताया गया है।

 

ढाबे पर दिया था पराठे का आर्डर

बताते हैं कि नाका तोड़कर भागे चालक ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक को झज्जर कोटली इलाके में एक ढाबे पर खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने ढाबे पर पांच पराठे का आर्डर दिया। उसने तीन पराठे पैक करने को कहा। इस दौरान वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने शक के आधार पर चालक से जांच कराने के लिए कहा तो ट्रक के साइड का दरवाजा खोलते ही छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

 
विज्ञापन

हमले के बाद हाई अलर्ट

हमले के बाद हाईवे से लगते इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। सभी सैन्य प्रतिष्ठानों तथा प्रमुख स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भी सुरक्षा तगड़ी कर दी गई। जम्मू शहर में बस स्टैंड तथा आस-पास के इलाकों में भी कड़ी सुरक्षा रही। एसएसपी जम्मू विवेक गुप्ता ने बताया कि हाईवे पर स्थित सभी नाकों को अलर्ट कर दिया गया है। सभी वाहनों को चेकिंग के बाद ही छोड़ने की हिदायत दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें