आठवीं, 10वीं और 12वीं पास बेरोजगार युवाओं के लिए वोकेशनल कोर्स कर रोजगार से जुड़ने का मौका है। सरकारी पालीटेक्निक, विक्रम चौक में तीन से छह माह के वोकेशन कोर्स शुरू होने जा रहे हैं। इनमें प्रवेश के लिए आने वाली 17 सितंबर तक आवेदन किया जा सकता है। 19 सितंबर से कोर्स से जुड़ी ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। यह कोर्स तीन से छह माह की अवधि के हैं। सभी कोर्सों की फीस साढ़े तीन हजार रुपये है।
जिन कोर्सों में प्रवेश लिया जा सकता है, उनमें डीटीपी, कंप्यूटर आपरेटर, कंपोजिट इलेक्ट्रीशियन, स्टेनोग्राफी, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्किंग, एसी रेफ्रिजरेशन, प्लम्बिंग/सेनेट्री फिटिंग, मोटर मैकेनिक, फैशन डिजाइनिंग, ब्यूटीशियन, मोबाइल रिपेयर, आर्ट एंड क्राफ्ट एंड डिजाइन, टैली, बेसिक आफ इवेंट मैनेजमेंट, टूरिस्ट गाइड, वेब डिजाइनिंग, इंटीरियर डिजाइनिंग, कंप्यूटर एडेड ड्राफ्टिंग शामिल हैं।
कंटीन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम (आईआरजी स्कीम) के तहत यह कवायद की जा रही है। प्रोग्राम के चीफ को-आर्डिनेटर और सरकारी पालीटेक्निक विक्रम चौक के प्रिंसिपल इं. अरुण बंगोत्रा के मुताबिक अगर किसी ट्रेड में आवश्यक छात्र संख्या उपलब्ध नहीं हो सकेगी तो अभ्यर्थियों के बैंक ड्राफ्ट लौटा दिए जाएंगे।