कश्मीर के कई इलाकों में हिजबुल के पूर्व कमांडर बुरहान वानी की बरसी के एक दिन पहले हिंसक प्रदर्शनों की आशंकाओं में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लगाई गई हैं। इन आशंकाओं के मद्देनजर कश्मीर के तमाम संवेदनशील हिस्सों में भारी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। इस क्रम में श्रीनगर समेत कई अन्य इलाकों में धारा 144 लागू कर सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों को कश्मीर में शुक्रवार को श्रीनगर समेत दक्षिण कश्मीर के कई संवेदनशील इलाकों में भारी हिंसा होने के इनपुट मिले हैं। इस सूचना के बाद से श्रीनगर के डाउन टाउन समेत पुलवामा, शोपियां, बारामुला, बड़गाम जिलों में भारी सुरक्षा की तैनाती की गई है।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के कई इलाकों में पाबंदियां लगाई गई हैं। घाटी में हिंसा की आशंका के मद्देनजर शुक्रवार को पांच थाना क्षेत्रों में पाबंदियां लागू की गई हैं। नौहट्टा, एमआर गंज, रैनावारी, खानयार तथा सफाकदल इलाके में एहतियातन पाबंदियां रहेंगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए।