जम्मू। प्रदेश में एक महीने में कोविड पाजिटिविटी रेट दो फीसदी से बढ़कर 12 फीसदी तक पहुंच गई है। कोरोना संक्रमितों की निशानेदही के लिए प्रतिदिन 40 से 42 हजार के बीच कोविड टेस्ट किए जा रहे हैं।
ठीक एक माह पहले सात अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में कोविड टेस्टों के आधार पर 812 लोग संक्रमित पाए गए थे और पाजिटिविटी रेट दो फीसदी थी, जोकि सात मई को बढ़कर 12 फीसदी हो गई है। प्रदेश में सात मई को 5443 लोग संक्रमित मिले हैं। पाजिटिविटी रेट में रिकार्ड तोड़ उछाल से अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। सरकार व स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है। अगर इसी लिहाज से पाजिटिविटी रेट बढ़ता रहा तो एक माह बाद सात जून को 25 फीसदी रेट से इनकार नहीं किया जा सकता।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार सात अप्रैल को प्रदेश में 812, 15 अप्रैल को 1141, 16 अप्रैल को 1144, 18 अप्रैल को 1526, 20 अप्रैल को 2030, 29 अप्रैल को 3474 मामले आए थे। छह मई को 4926 मामले आए थे। जीएमसी अस्पताल जम्मू एवं एसोसिएट अस्पतालों की प्रिंसिपल डॉ. शशि सूदन का कहना है कि पाजिटिविटी रेट में बढ़ोतरी चिंता का विषय है। लोगों में जन जागरूकता की शायद अभी भी कमी है। बिना कारण घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए तभी कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण लग पाएगा। ऐसे ही हाल रहा तो भविष्य में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की चुनौती काफी बढ़ जाएगी।