श्रीनगर। लगातार दो दिन से श्रीनगर और अगल-बगल के जिलों में हो रही बारिश के चलते घाटी में मौसम में सुहाना हो गया। दो दिन के अंदर पारा 36 डिग्री से लुढ़क कर 25 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया। ठंडी हवाओं और सुहाने मौसम के बीच डल झील समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटक झूम उठे। शिकारा से झील की सैर करने के साथ ही जमकर फोटोग्राफी की। मौसम संग पर्यटकों का उत्साह देख हाउसबोट, शिकारा वाले और स्थानीय दुकानदार भी काफी खुश थे। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में श्रीनगर में 7.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दस जुलाई को मौसम सामान्य रहेगा। कहीं-कहीं पर रिमझिम फुहारे पड़ सकती हैं। मौसम सुहाना रहेगा। हवाओं में हल्की ठंड बरकरार रहेगी।