शमशान घाट और अंबेडकर भवन के आसपास अक्सर बिना नंबर की गाड़ियों पर घूमते नजर आते हैं बाहरी युवा
बाड़ी ब्राह्मणा। तेली बस्ती में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। इलाके में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूटपाट और हाल के दिनों में आंखों में स्प्रे छिड़क कर लोगों को बेहोश करके गहने व मोबाइल लूटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नशा तस्करों और बाहरी दबंगों ने क्षेत्र को अपना नया हॉटस्पॉट बना लिया है।
स्थानीय निवासी जॉन सोत्रा ने कहा कि पहले चिट्टे का कारोबार बलोल खड्ड तक सीमित था, लेकिन पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद तस्कर और अपराधी तेली बस्ती की ओर शिफ्ट हो गए हैं। उन्होंने बताया कि शाम ढलते ही बिना नंबर की मोटरसाइकिल व कारों पर सवार कुछ युवक इलाके की रेकी करते दिखते हैं। जॉन ने बताया कि नशा तस्कर तेजधार हथियार लेकर नाके बना लेते हैं और मौका पाकर स्नैचिंग व लूटपाट कर लेते हैं।
पीड़ित साहिल ने बताया कि दो दिन पहले शाम लगभग 8 बजे पहले से ही घात लगाकर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी आंखों में स्प्रे छिड़का और उनकी चांदी की चैन व मोबाइल लूट ली। साहिल ने कहा कि अब हम अपने बच्चों को भी शाम को बाहर भेजने से डरते हैं। शमशान घाट और अंबेडकर भवन के आसपास अक्सर बिना नंबर की गाड़ियों पर बाहर के युवा घूमते नजर आते हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस की पेट्रोलिंग और नाके पूरी तरह प्रभावी नहीं हैं। लोगों का कहना है कि नियमित गश्त, मोबाइल पेट्रोलिंग और नाकाबंदी में लापरवाही के कारण अपराध बढ़ रहे हैं। कई निवासियों ने सुझाया कि पुलिस को कड़े कदम उठाकर कैम्प लगाकर संदिग्धों पर नजर रखनी चाहिए, इलाके में सीसीटीवी कैमरे बढ़ाने चाहिए और सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करना चाहिए।
बॉक्स
एक महीने में मुख्य घटनाओं का विवरण
प्रवासी परिवार पर दो बार तेजधार हथियारों से हमला कर लूटपाट की गई है। प्रवासी महिला के बाल खींचकर गर्म तेल डालने की वारदात हुई थी। पीड़ित अफजल अभी तक इंसाफ की गुहार लगा रहा है। दूसरा मामला एक फौजी पर तेजधार हथियारों से हमला कर लूटपाट को अंजाम दिया गया है। थाने में एफआईआर दर्ज है। किकरी मोड़ पर एक दंपति से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट गया है। कारथोली क्षेत्र से ट्रांसफार्मर चोरी किया गया है। पीड़ित साहिल निराला की आंखों में स्प्रे डालकर लूटने का मामला सामने आया है। 2 दिन पहले एक प्रवासी से मोबाइल लूट गया है। बुधवार को एक स्थानीय निवासी से तेजधार हथियारों के बल पर सोने के गहने और नकदी लूटने का मामला सामने आया है।