छात्राें की टीम को हरी झंडी दिखाते कुलपति प्रो. प्रगति कुमार । स्रोत : विवि
- फोटो : katra
कुलपति प्रो. प्रगति कुमार ने दिखाई हरी झंडी, विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी टीम
कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार ने एसएई बाजा 2025 प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विश्वविद्यालय की टीम क्रॉलर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह टीम स्कूल ऑफ मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 21 छात्रों की है, जो 20 से 25 फरवरी तक हैदराबाद में होने वाली इस प्रतिष्ठित मोटरस्पोर्ट प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।
इस अवसर पर एसएमवीडीयू टीम ने स्वनिर्मित इलेक्ट्रिक ऑल-टेरेन वाहन का अनावरण किया। प्रतियोगिता में यह वाहन चुनौतीपूर्ण इलाकों और कठिन परीक्षणों में प्रदर्शन करेगा।
कुलपति प्रो. प्रगति कुमार ने कहा कि यह एसएमवीडीयू के लिए गर्व का क्षण है। हमारी टीम ने अत्यधिक मेहनत की है, और मुझे उनकी क्षमता पर पूरा विश्वास है कि वे इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। फैकल्टी समन्वयक डॉ. अंकुश रैना (सहायक प्रोफेसर, एसएमई) और डॉ. मीर इरफान उल हक (एसोसिएट प्रोफेसर, एसएमई) ने बताया कि एसएमवीडीयू टीम केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से इस आयोजन में भाग लेने वाली एकमात्र टीम है। इस अवसर पर प्रो. केआर झा, प्रो. बलबीर सिंह, प्रो. आरके मिश्रा, डॉ. यतिष्ठ आनंद, इंजीनियर दीपक ब्योत्रा सहित अन्य फैकल्टी सदस्य शामिल रहे।