कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे अस्थायी शिक्षकों के एक शिष्टमंडल ने उपमुख्यमंत्री के कार्यालय के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। अस्थायी शिक्षकों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री भी मांग को पूरा करने के बजाय केवल झूठे आश्वासन दे रहे हैं, इसलिए मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
प्रेस क्लब के बाहर 39वें दिन भूख हड़ताल करने वाली चार महिला अस्थायी शिक्षिकाएं थीं। 31 मार्च से खत्म हुआ कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर पूरे राज्य के अस्थायी शिक्षक प्रेस क्लब के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।
दोपहर करीब तीन बजे प्रधान बलविंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में शिक्षकों का एक शिष्टमंडल उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह के कार्यालय के बाहर पहुंचा और कार्यकाल बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन उप मुख्यमंत्री टाल-मटोल करते ही नजर आए। इसी से मजबूर होकर सभी को कार्यालय के बाहर उप मुख्यमंत्री के ही खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल तक सभी शिक्षक सरकार से उम्मीद लगाए बैठे हैं। अगर 24 तक मांग को पूरा नहीं किया तो सभी दिल्ली जाकर प्रदर्शन करेंगे।