अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शिक्षक दिवस पर आज प्रदेश के दस शिक्षकों प्रदेश स्तरीय पुरस्कार मिलेगा। जम्मू और कश्मीर संभाग के पांच-पांच शिक्षकों को पुरस्कार दिया जाएगा। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा जम्मू और श्रीनगर में आयोजित समारोह में शिक्षकों को पुरस्कार देंगे।
पहली बार दोनों संभाग में अलग-अलग कार्यक्रम होने जा रहा है। पिछले वर्ष कश्मीर संभाग में संयुक्त कार्यक्रम हुआ था, जिसमें 10 शिक्षकों को सम्मानित किया गया था। इस बार जम्मू संभाग का कार्यक्रम कन्वेंशन सेंटर में हो रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने उन शिक्षकों की अधिकारिक सूची जारी नहीं की है, जिन्हें सम्मानित किया जाना है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्तर सम्मानित होने वाले शिक्षकों की सूची एक सप्ताह पहले ही जारी कर दी थी। ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग का शिक्षा की सूची जारी नहीं करना समझ से परे है। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू ने जिन शिक्षकों को सम्मानित करना है उन्हें फोन कर बोला गया है। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार जम्मू संभाग से जीन पांच शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। उनमें सुंदरबनी से शिक्षक विनोद रैना, पुंछ के जुगल किशोर, उधमपुर से होशियार सिंह, रामबन से लाल सिंह और किश्तवाड़ से जगदीश शामिल हैं। ब्यूरो