चिनौर इलाके में स्थित एक हाई स्कूल के अध्यापक को सातवीं कक्षा के छात्र की पिटाई करना काफी महंगा पड़ गया। पिटाई के बाद छात्र की हालत अचानक से खराब हो गई।
छात्र बेहोश हो गया, उसे पानी पिलाया गया, लेकिन होश न आने पर उसे जीएमसी में दाखिल करवाया गया। जीएमसी पुलिस चौकी में रायपुर, बेगारी, तालाब निवासी मोहम्मद जबर (13) का एमएलसी बना है।
पीड़ित के पिता मोहम्मद सदीक का आरोप है कि उनका बेटा सातवीं कक्षा में पढ़ता है। वीरवार को उसे स्कूल भेजा गया था।
किसी कारणवश मोहम्मद जबर ने अपना स्कूल का काम पूरा नहीं किया था, जिसके चलते अध्यापक ने उसकी जमकर पिटाई की। अध्यापक ने मोहम्मद जबर का सिर अपने घुटनों में देकर उसकी पीठ पर मुक्के मारे।
इससे मोहम्मद जबर की सांस बंद हो गई। तभी उसे पानी पिलाया, लेकिन उसे होश नहीं आया। स्कूल से उन्हें बेटे के बेहोश होने की सूचना मिली तो तुरंत छात्र को अस्पताल दाखिल करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
चिनौर चौकी इंचार्ज बिक्रम सिंह के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी, तभी मुलाजिम को बयान लेने के लिए भेजा गया था, लेकिन बच्चे के पिता ने खुद ही चौकी आने की बात कही है।