पुंछ में हुई आतंकी घटना से सांबा में आम लोग आहत
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पुंछ में सेना के वाहन पर ग्रेनेड हमला कर पांच जवानों को शहीद किए जाने की घटना से आम लोग काफी आहत हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान को सबक सिखाने का अनुरोध किया है। सामाजिक कार्यकर्ता नीलम सिंह संब्याल, अमन गुप्ता, मनोज कुमार, हंस राज, आदि ने कहा कि पाकिस्तान के साथ किसी प्रकार की कोई ढील न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों के पवित्र त्योहार पर पाकिस्तान ने सेना के जवानों पर हमला किया है, जो निंदनीय है। उन्होंने पाकिस्तान को सबक सिखाने की गुहार लगाई। सेना से सेवानिवृत अधिकारियों व जवानों में भी काफी रोष देखा गया। सेवानिवृत सूबेदार हंस राज, सूबेदार सुरिंदर सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के साथ किसी प्रकार की कोई नरमी न दिखाई जाए। केंद्र सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट पर बीते दिनों सांबा के सीमावर्ती गांव चक फकीरा की अग्रिम पोस्ट पर केंद्रीय गृह मंत्रालय, आईबी के अधिकारियों के साथ सेना, बीएसएफ व पुलिस के आला अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई थी, जिसमें जी-20 बैठक के लिए सुरक्षा के बारे में चर्चा हुई थी। एजेंसियों के इनपुट पर ही सीमावर्ती क्षेत्रों में एंटी ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं। रक्षा सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की हर हरकत पर नजर रखने और सीमा की निगरानी के लिए तैनात बीएसएफ के जवानों को कड़े निर्देश दिए गए हैं, कि वह चौबीसों घंटे दुश्मन की हरकत पर नजर रखें। सूत्रों के अनुसार सेना के अधिकारियों ने चॉपर से सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।