जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अब हाईवे पर चलते समय मुसाफिरों को भूख व सुस्ती मिटाने के लिए ढाबे और रेस्टोरेंट ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रदेश के सभी लगभग टोल प्लाजा पर चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक्स और स्नैक्स भी मिलेंगे। नेशनल हाईवे अथॉरिटी टोल प्लाजा पर मिनी आउटलेट्स खोलेगी। इसके लिए टेंडर आवंटित किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार जम्मू में सरोर और लखनपुर टोल प्लाजा पर हाइवे नेस्ट मिनी खोलने की तैयारी कर ली गई है। हाइवे नेस्ट मिनी में पैकेट वाले खाने पीने की वस्तुओं की बिक्री की जाएगी। इसमें मुख्य तौर पर सॉफ्ट ड्रिंक्स, चाय, कॉफी, चिप्स, बिस्कुट, पानी को बोतल आदि वस्तुओं की बिक्री होगी। इसके लिए ठेकेदार को तीन साल के लिए ठेका आवंटित होगा। ठेकेदार अन्य खाने-पीने की वस्तुएं भी अपनी मर्जी के अनुसार रख सकते हैं। इससे पहले बन टोल प्लाजा के पास भी एनएचएआई ने हाईवे नेस्ट मिनी का निर्माण कर इसका तीन साल के लिए ठेका प्रेम पतीसा हाउस बटोत को आवंटित भी कर दिया है। जल्द ही यहां मुसाफिरों को खाने-पीने की चीजें मिलने लगेंगी।
------
हाईवे नेस्ट मिनी की कवायद यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखने के अलावा टोल प्लाजा को और आकर्षक बनाने के लिए की गई है। शौचालय की सुविधा के साथ यहां खाने-पीने की वस्तुएं भी मिल पाएंगी। लखनपुर और सरोर में जल्द ही हाईवे नेस्ट मिनी खोले जाएंगे।
-अजय कुमार रजक, परियोजना निदेशक, एनएचएआई