अंडर-15, 19 और 23 के लिए लड़कियों का ट्रायल हुआ। ट्रायल के लिए जम्मू संभाग के विभिन्न इलाकों से आई लड़कियों की आंखों में सिर्फ एक हीं सपना था-जम्मू-कश्मीर के लिए खेलना। इसके लिए लड़कियां कड़ी मेहनत करती नजर आईं।
युवा क्रिकेट प्रतिभाओं की खोज के लिए जम्मू-कश्मीर एसोसिएशन (जेकेसीए) की तरफ से टैलेंट हंट का आयोजन किया जा रहा है। जम्मू संभाग में तीन जोन में ट्रायल हो रहे हैं। रविवार को जोन दो होस्टल ग्राउंड जम्मू में सिलेक्शन ट्रायल का आयोजन किया गया।
विज्ञापन
इस दौरान अंडर-15, 19 और 23 के लिए लड़कियों का ट्रायल हुआ। ट्रायल के लिए जम्मू संभाग के विभिन्न इलाकों से लड़कियां सुबह से ही अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। सबकी आंखों में सिर्फ एक हीं सपना था-जम्मू-कश्मीर के लिए खेलना। इसके लिए लड़कियां कड़ी मेहनत करती नजर आईं।
जेकेसीए उप-समिति के सदस्य ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता ने बताया कि महिला और पुरुष वर्ग में अंडर 15 से 23 वर्ग में यह टैलेंट हंट हो रहा है, जिसमें प्रदेश के सभी 20 जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जेकेसीए ने जम्मू और कश्मीर संभाग को तीन-तीन जोन में बांटा है। खिलाड़ियों के चयन के लिए एक ही चयन समिति बनाई गई है, जो दोनों संभागों में खिलाड़ियों का चयन करेगी। उन्होंने बताया कि टीम में रिक्त स्लाट के अनुरूप खिलाड़ियों का चयन होगा। जैसे- ओपनर बल्लेबाज, मध्यक्रम का बल्लेबाज, ऑलराउंडर, ऑफ स्पिन/लेग स्पीन गेंदबाज, विकेटकीपर आदि स्लाट के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा।
विज्ञापन
इस टैलेंट हंट के जरिये पुरुष और महिला वर्ग में 40 खिलाड़ियों का एक पूल बनेगा। इन खिलाड़ियों के लिए जम्मू-कश्मीर में विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक तौर पर मजबूत रखने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही क्षेत्र रक्षण का भी अभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस टैलेंट हंट के माध्यम से खिलाड़ियों को जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। एक और दो मई को अंडर-16 पुरुष टीम के लिए हॉस्टल ग्राउंड जम्मू में ट्रायल होगा।