समय पर हो जल जीवन मिशन के काम : अब्दुल्ला
सिविल सचिवालय में जल शक्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा की
जम्मू। प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत समय अवधि के अंदर कामों को पूरा किया जाए। कामों में आने वाली मुश्किलों को दूर किया जाए। निगरानी एजेंसियों की मदद लेकर समस्या का समाधान कराया जाए। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को ये बातें कहीं। वे सिविल सचिवालय में जल शक्ति विभाग के कार्यों व योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। विभाग के मंत्री जावेद अहमद राणा भी मौजूद थे।
इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जम्मू-कश्मीर में 81 प्रतिशत घरों को नल के पानी की आपूर्ति से जोड़ा गया है और शेष लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की तकनीकी जांच के साथ वैकल्पिक और प्रभावी डिजाइनों को अपनाने से 522 करोड़ रुपये की बचत हुई है।
मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए मजबूत तृतीय-पक्ष निगरानी तंत्र के महत्व पर जोर दिया। त्वरित समाधान के लिए इन निगरानी एजेंसियों को शामिल करके विशिष्ट क्षेत्रों से शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। बैठक में पानी की गुणवत्ता की निगरानी और निगरानी पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। ब्यूरो