एमए स्टेडियम के इंडोर कक्ष में चल रही जम्मू जिला ओपन टेबल टेनिस चैंपियनशिप में विभिन्न वर्गों में विजेता खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। महिला वर्ग में जाह्नवी और सुरभि ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर फाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष वर्ग में संदीप, ऋत्विक, जैश सिंह और अधिराज ने शानदार प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में यूथ बॉयज के पहले राउंड में मनमीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर अनिरुद्ध को 11-6, 11-5, 11-8 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
इसी तरह सुधांशु ने नितिन को 11-7, 7-11, 11-8, 11-6 से शिकस्त दी। इसके अलावा अनुज गुप्ता ने निनाद को 14-12, 11-9, 11-6, असद ने जतिन को 11-9, 7-11, 11-7, 11-8, अशांक ने सोहेल को 11-2, 11-2, 11-3 से पराजित कर जीत दर्ज की। सनप्रीत सिंह ने केतन को कांटे की टक्कर में 9-11, 8-11, 11-7, 11-8, 11-7, अर्णव ने अबहीत को 11-7, 11-8, 11-6, अंबर ने अनिरुद्ध भार्गव को 11-7, 11-8, 11-7 से पराजित किया। महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले एकतरफा रहे। इसमें जाह्नवी ने सोनाली को 11-2, 11-2, श्रेया ने अर्चिता को 11-5, 11-6, सुरभि ने एकनूर को 11-8, 11-7, शजर ने भाव्य को 11-6, 11-9 से पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में जाह्नवी ने श्रेया को एकतरफा मुकाबले में 11-9, 11-8, 11-9 और सुरभि ने शजर को 11-9, 9-11, 11 -9, 8-11, 11-9 से शिकस्त देकर जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में संदीप ने वासु धवन को 11-5, 11-9, 11-8, ऋत्विक गुप्ता ने विशाल घई को 14-12, 11-9, 11-9, जैश सिंह ने माननदीप सिंह को 11-5, 11-4, 11-1 और अधिराज ने दिव्यम को कांटे की टक्कर में 11-9, 8-11, 11-8, 10-12, 11-9 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। बुधवार को खिताबी मुकाबलों में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।