जम्मू यूनिवर्सिटी प्रशासन की बुधवार को सिंडीकेट मीटिंग होगी। इसमें कई अहम फैसलों पर मुहर लगेगी। इस सिंडीकेट बैठक की अध्यक्षता जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मोहनपाल सिंह ईशर करेंगे। बैठक में च्वाइस बेस क्रेडिट सिस्टम पर चर्चा हो सकती है।
इस सिस्टम को लेकर बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी में संचालित सभी स्नातकोत्तर कोर्स (रेगुलर बोर्ड) में इसे शामिल किया गया है, जिसे वर्ष-2014-15 में लागू किया गया और इस सिंडीकेट मीटिंग में इस पर मुहर लगाई जाएगी।
इसके अलावा बैठक के दौरान कालेजों में लेक्चररों की नियुक्तियों के संबंध में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। बीएड की प्रवेश प्रक्रिया के साथ-साथ अन्य मुद्दों पर भी गहन विचार किए जाने की संभावना है। अगले वर्ष से एक कोर्स को रिवाइव किया जा रहा है।
इस पर भी विचार-विमर्श होगा। मार्केटिंग एंड सेल्स मैनेजमेंट पीजी डिप्लोमा कोर्स (एक वर्षीय) को रिवाइव करने पर विचार होगा और आगामी वर्ष में इसे लागू करने के बारे में चर्चा की जाएगी।