जम्मू शहर के एमए स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तरीय स्विमिंग पूल के निर्माण की गति प्रदेश में खेल क्षेत्र के विकास की स्थिति को बयां कर रही है। संभाग के एकमात्र स्विमिंग पूल का निर्माण तीन साल बाद भी अधूरा है। 2020 में 3.50 करोड़ से शुरू हुए कार्य पर अब तक पांच करोड़ से अधिक खर्च हो चुके हैं। स्पोर्ट्स काउंसिल ने दावा किया है कि दो महीने में कार्य पूरा कर दिया जाएगा।
स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से संचालित यह एकमात्र स्विमिंग पूल है, जिसे ऑल वेदर बनाने की योजना अमल में लाई गई थी। निर्माण कार्य के चलते तैराकी गतिविधियां ठप पड़ गईं। उम्मीद थी - कार्य एक से दो साल तक पूरा हो जाएगा, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी काम अधूरा है। ऑ
ल वेदर स्विमिंग पूल में एक बड़े पूल के साथ लर्नर स्विमिंग पूल का निर्माण किया जा रहा है। हालांकि 2020 में निर्माण कार्य कोविड के कारण अटक गया था। 2021 में फंड की कमी हुई। इसके बाद ठेकेदार बदल गया। नए ठेकेदार को कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी तो मिली, लेकिन प्रोजेक्ट रफ्तार पकड़ नहीं पाया। इस कारण लागत भी बढ़ती गई।
स्विमिंग पूल के बचे कार्य को पूरा करने के लिए ठेकेदार को दो महीने का समय दिया है। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
-शेख रियाज, प्रशासनिक अधिकारी स्पोर्ट्स काउंसिल।