उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके के बाबागुंड में आतंकियों ने एक फल कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। बताते हैं कि मृतक हिजबुल मुजाहिदीन का पूर्व आतंकी था। समर्पण करने के बाद उसने फलों का कारोबार शुरू कर दिया था। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चलाया।
सोमवार की देर शाम आतंकियों ने बाबागुंड में घर के बाहर अब्दुल मजीद शाह को गोली मार दी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर नीचे गिर पड़ा। गोलियों की आवाज सुनकर लोग जब मौके पर पहुंचे तो वे घायल पड़े मजीद को आनन-फानन में अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूत्रों ने बताया कि आतंक का रास्ता छोड़ने के बाद मजीद इन दिनों फलों का कारोबार कर रहा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि मुखबिरी के शक में मजीद की आतंकियों ने हत्या की है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई टिप्पणी नहीं की है।
ज्ञात हो कि गत मार्च में बाबागुंड में आतंकियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई थी जो तीन दिनों तक चली थी। इसमें दो आतंकी मार गिराए गए थे। चार सीआरपीएफ जवान व दो पुलिसकर्मी भी शहीद हुए थे। एक नागरिक की मौत हो गई थी।