बिश्नाह। पूर्व विधायक अश्विनी कुमार शर्मा ने बुधवार को कस्बे के नंबर दो राशन डिपो पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को राशन वितरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई द्वारा देश के गरीबों के लिए जो योजनाएं बनाई गई हैं उसी के अंतर्गत राशन वितरित किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि हम प्रधानमंत्री की योजनाओं को लोगों में लागू कराएं ताकि आमजन उसका फायदा उठा सके । इस मौके पर नगर कमेटी चेयरमैन राजन शर्मा, पार्षद कुलबीर सिंह लंगेह, जय भारती, कुलदीप सोडी मौजूद रहे। संवाद
खाद्यान्न योजनाओं के बारे में लाभार्थियों को किया जागरूक
सांबा। जिले के रामगढ़ के रंगूर पंचायत में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने बुधवार को आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में अन्न योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली का कार्यक्रम किया। कार्यक्रम का प्राथमिक विषय प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, एनएफएसए, गैर-एनएफएसए, ओएनओआरसी आदि विभाग की विभिन्न चल रही खाद्यान्न योजनाओं के बारे में लाभार्थियों के बीच जागरूकता फैलाना था।
विभाग के अधिकारियों ने लाभार्थियों की शत प्रतिशत आधार सीडिंग, उचित मूल्य की दुकानों पर प्वाइंट ऑफ सेल्स उपकरणों की स्थापना, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन वितरण, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना की शुरुआत आदि जैसी विभाग की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर बीडीसी दर्शन सिंह, रछपाल सिंह आदि भी उपस्थित थे।
लाभार्थियों को राशन वितरित किया
ज्यौड़ियां। भाजपा की तरफ से चलाए जा रहे सामाजिक न्याय पखवाड़ा कार्यक्रम के चलते बुधवार को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अखनूर के मंडल खड़ाह बली की पंचायत खड़ाह के राशन डिपो पर लाभार्थियों को राशन वितरित किया गया। इस मौके पर उपस्थित क्षेत्र के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराया गया। इस मौके पर डीडीसी सदस्य भूषण बराल, प्रदीप चौधरी, जगन्नाथ, जनक वर्मा, तिलक राज, गुस्सा राम, कृष्ण लाल और अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद