श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने नारायण हृदयलाल प्राइवेट लिमिटेड के साथ ककरियाल कटरा में मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल को कार्यशील बनाने के लिए समझौता किया है। यह समझौता श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. एमके भंडारी और नारायण हृदयलाल प्राइवेट लिमिटेड के वाइस चेयरमैन एवं ग्रुप के सीईओ डा. आशुतोष रघुवंशी द्वारा हस्ताक्षर कर किया गया।
यह कार्य नई दिल्ली में श्राइन बोर्ड के चेयरमैन राज्यपाल एनएन वोहरा तथा नारायण हृदयलाल की चेयरपरसन डा. देवी शेटी की मौजूदगी में किया गया। चंद वर्ष पहले श्राइन बोर्ड ने ककरियाल में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना करने का निर्णय लिया था ताकि राज्य के लोगों को उच्च स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकें।
श्राइन बोर्ड के चेयरमैन और राज्य के राज्यपाल एनएन वोहरा ने सीईओ से कहा था कि बोर्ड द्वारा भागीदारी पीपीपी आधारित तथा देश से संबंधित स्वास्थ्य केयर सेवा की विशेषज्ञ रखने वालों के सौजन्य से इस अस्पताल को कार्यशील बनाया जाए। इस संदर्भ में राज्यपाल ने एक कमेटी का गठन भी किया था।
नारायण हृदयलाल अस्पताल बंगलोर की प्रसिद्ध संस्था है जो देश में 27 संस्थान चला रहा है। श्राइन बोर्ड द्वारा अभी तक दो सौ करोड़ की राशि का व्यय इस परियोजना पर किया जा चुका है। इसे एक वर्ष के भीतर कार्यशील कर दिया जाएगा।