संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू के यूजी छठे सेमेस्टर छात्रों ने वीरवार को विश्वविद्यालय गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा में पाठ्यक्रम कम करने या परीक्षा में ओपन चाइस देने की मांग उठाई। विश्वविद्यालय के अधीन जीजीएम साइंस कॉलेज, कॉमर्स कॉलेज, एमएएम कॉलेज और महिला कॉलेज गांधी नगर के छात्रों ने एकजुट होकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्रों ने कहा कि छह महीने का पाठ्यक्रम एक माह में पूरा करने का प्रशासन ने निर्णय लिया है। इस कारण उन्हें परेशानी हो रही है। हालांकि दो सप्ताह पहले कक्षाएं लगी थीं। अगले सप्ताह असाइनमेंट लेने के लिए कहा जा रहा है। फिर जुलाई पहले सप्ताह में अंतिम परीक्षा ली जाएगी। छात्रों का आरोप है कि शिक्षक पढ़ाकर चले जाते हैं। लेकिन छात्र अधिक संख्या में पढ़ाए गए पाठ तैयार नहीं कर पाते हैं। जो पाठ्यक्रम छह महीने में तैयार किया जाना था, वह कम समय में पूरा नहीं हो पाएगा। प्रशासन को चाहिए कि वह छात्रों को ओपन चाइस या पाठ्यक्रम में छूट दे।
छात्र मोहित बासन ने कहा कि उन्होंने पहले भी प्रशासन के संज्ञान में बात लाई थी लेकिन किसी ने ध्यान केंद्रित नहीं किया। छात्रों की बात सुनने के लिए कोई भी तैयार नहीं है, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन जानता है कि छात्रों के लिए कम समय में पाठ्यक्रम पूरा करना संभव नहीं है। फिर भी छात्रों की बात को लाग लपेट में लिया जाता है। मेहलिया मुशताक और राहुल देव आदि ने कहा कि वह प्रदर्शन के चलते वीसी से संबंधित मुद्दे को लेकर मिलने गए लेकिन उनके साथ जिस तरह से बातचीत की जानी चाहिए थी, वह नहीं की गई है। समस्या जस की तस है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, संघर्ष जारी रहेगा।