- प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में 2250 सीटों पर दाखिले के लिए 1662 ने दी परीक्षा, इस बार सीटें खाली रहना तय
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश में इंजीनियरिंग कॉलेजों में पढ़ाई को लेकर युवाओं का रुझान लगातार कम हो रहा है। रविवार को प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों की 2250 सीटों के लिए सिर्फ 1662 उम्मीदवारों ने ही परीक्षा दी। इसमें 1239 उम्मीदवार जम्मू संभाग से थे जबकि सिर्फ 423 कश्मीर संभाग से थे।
इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बोपी) ने प्रवेश परीक्षा आयोजित की। इस बार 2173 ने आवेदन किया था,लेकिन 1662 ने ही परीक्षा दी। बोपी ने कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए थे, जिसमें तीन जम्मू और एक श्रीनगर में था। शहर में परेड कॉलेज, गांधीनगर महिला कॉलेज में परीक्षा केंद्र बना था। परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों ने कहा सभी प्रश्न पाठ्यक्रम से पूछे गए थे। 120 अंक की परीक्षा थी और कुल तीन घंटे का समय था। सुबह दस से दोपहर एक बजे तक पेपर चला। परीक्षा संपन्न होने के एक घंटे बाद ही बोपी ने उत्तर कुंजी भी जारी कर दी। परीक्षा देने वाले उम्मीदवार विमल सिंह ने कहा कि परीक्षा का पैटर्न काफी अच्छा था, जितने भी प्रश्न आए, सभी पाठ्यक्रम से ही थे।
बता दें कि प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले को लेकर युवाओं का रुझान कम है। हर साल बड़ी संख्या में सीटें खाली रह जाती हैं। रविवार को जिन 1662 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी, इनमें ऐसे भी उम्मीदवार हैं जिन्होंने जेईई एडवांस की परीक्षा दी है, वहीं कुछ उम्मीदवार प्रधानमंत्री स्पेशल स्कॉलरशिप स्कीम (पीएमएसएसएस) में आवेदन करेंगे। ऐसे में इंजीनियरिंग कॉलेजों में इस बार भी बड़ी संख्या में सीटें खाली रहेंगी।
बीएसी नर्सिंग के लिए प्रवेश परीक्षा 22 को
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सरकारी व निजी कॉलेजों में पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 22 जून को प्रवेश परीक्षा होगी। जम्मू और श्रीनगर में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।