जम्मू शहर में सोमवार को छाया घना अंधेरा एक परीक्षा केंद्र के लिए मुसीबत बन गया। जहां परीक्षा देने वाला एक छात्र अंधेरा का लाभ उठाकर उत्तर पुस्तिका लेकर भाग गया। कुछ देर बाद जब थोड़ी रोशनी हुई तो देखा कि छात्र अपनी सीट पर नहीं था और उसकी उत्तर पुस्तिका गायब थी। परीक्षा केंद्र स्टाफ और स्कूल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने इसे लेकर मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक वह पकड़ में नहीं आया। घटना शहर के हरी सिंह स्कूल की है। यहां दो दिन पहले ही दसवीं कक्षा की परीक्षा में दो युवकों को किसी दूसरे की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। रेजीडेंसी चौकी प्रभारी नितिन खजुरिया ने बताया कि सोमवार को बारहवीं कक्षा की अंग्रेजी की प्राइवेट परीक्षा चल रही थी। तभी एक छात्र अभिषेक घई अपनी उत्तर पुस्तिका लेकर भाग गया।
बताया जा रहा है कि परीक्षा के समय एकदम से घना अंधेरा हो गया और छात्र किसी तरह से वहां से निकल गया। रोशनी होने पर उसकी उपस्थित नहीं दिखी तो सब हैरान हो गए। बताते चलें कि अभी दो दिन पहले इसी स्कूल में दसवीं कक्षा की प्राइवेट परीक्षा में दो युवकों को पकड़ा गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। छात्र के घर का भी अभी पता नहीं चल पाया है।