रियासी। नर्स के परिजनों की तरफ से लिखित में माफीनामा देने के बाद अस्पताल स्टाफ हड़ताल खत्म कर काम पर लौटा आया है। शनिवार को दोपहर एक बजे के बाद जिला अस्पताल में सभी सेवाएं बहाल कर दी गई हैं, जिसके बाद मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली है।
नर्स के परिजनों द्वारा चिकित्सा अधीक्षक से बदतमीजी के बाद डॉक्टर सहित स्टाफ शुक्रवार दोपहर को काम छोड़कर हड़ताल पर चला गया था। आपातकालीन सेवाओं के अलावा सभी सेवाएं बंद कर दी गईं थीं। शाम तक मरीजों और तीमारदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। शनिवार सुबह भी स्टाफ ने एकजुटता दिखाते हुए हड़ताल शुरू की और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। ओपीडी सेेवा बंद होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानी हुई।
धरने पर बैठे स्टाफ ने कहा कि नर्स व अधिकारी के बीच कोई विवाद नहीं हुआ और न ही किसी से गलत तरीके से बात की गई। नर्स के परिजनों ने कुछ अन्य लोगों सहित चिकित्सा अधीक्षक से जो किया सरासर गलत है। जिसकी उन्हें माफी मांगनी होगी। दोपहर के समय नर्स के पिता अस्पताल में पहुंचे और लिखित मेें माफी मांगी और चिकित्सा अधीक्षक से भी बात की गई। चिकितसा अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने कहा कि नर्स बेटी जैसी है। वह किसी से भी गलत तरीके से बात नहीं करते है। सीएमओ डॉक्टर राजीव शर्मा ने कहा कि गलतफहमी की बजह से विवाद हुआ था, जिसे बातचीत से सलुझा लिया है। हड़ताल खत्म होने के बाद मरीजों ने राहत की सांस ली है।