अखनूर। मैरा मेंदरिया तहसील में परिसीमन आयोग की मसौदा रिपोर्ट के खिलाफ चल रही भूख हड़ताल एडीसी रमेश चंद्र और एसडीएम अखिल सडोत्रा के आश्वासन पर समाप्त कर दी गई।
शनिवार को पंचायत कराटला के सरपंच अजीत कुमार की अगुवाई में पंचों और ग्रामीणों ने भूख हड़ताल शुरू की। इस पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धरना देकर परिसीमन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मांग की कि मैरा मेंदरिया और चौकी चोहरा को खौड़ विधानसभा की बजाय अखनूर विधान सभा से जोड़ा जाए। दोपहर को एडीसी रमेश चंद्र और एसडीएम अखिल सडोत्रा मौके पर पहुंचे और भूख हड़ताल पर बैठे लोगों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि क्षेत्र के लोगों का अधिकार नहीं मारा जाएगा। आयोग के अधिकारियों से बात रखने का मौके दिया जाएगा। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने भूख हड़ताल और धरना खत्म करने के साथ प्रशासन के अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर हमारी मांग को नहीं माना गया तो आंदोलन द्वारा शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि 75 वर्ष से अखनूर क्षेत्र से मैरा मेंदरिया जुड़ा है, मगर परिसीमन आयोग द्वारा बिना जमीन स्तर जाने खौड़ विधानसभा से जोड़ दिया। एसडीएम ने बताया कि प्रदर्शनकारियों का परिसीमन आयोग के अधिकारियों से इस मुद्दे पर मिलने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हो गया।