ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को हुई आसानी, दैनिक यात्रियों में भी खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के लोगों को रेलवे की समस्या से निजात मिलना शुरू हो गई है कोरोना महामारी के दौरान बंद की गई ट्रेनों की बहाली होना शुरू हो गई है। सांबा जिले के रेल यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर है। उत्तरी रेलवे ने सांबा रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी है। यह व्यवस्था संबंधित ट्रेनों के प्रारंभिक स्टेशन से 19 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी।
जारी सूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 14662 जम्मू तवी–बाड़मेर एक्सप्रेस अब सांबा रेलवे स्टेशन पर रात 10:54 बजे पहुंचेगी तथा 10:56 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 11078 जम्मू तवी–पुणे जंक्शन एक्सप्रेस का सांबा स्टेशन पर रात 12:05 बजे आगमन और 12:07 बजे प्रस्थान निर्धारित किया गया है।
रेलवे के इस फैसले से सांबा तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से राजस्थान और महाराष्ट्र की ओर जाने वाले यात्रियों को अब जम्मू जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। उधर स्थानीय लोगों ने सांसद,रेलवे मंत्री को आभार जताया है कि उन्होंने सांबा के लोगों की पीढ़ा को समझा है व ट्रेनों का ठहराव शुरू करवाया है।
उत्तरी रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और अन्य जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट का उपयोग करें। उधर ट्रेनों के ठहराव से दैनिक यात्रियों में खुशी की लहर है।