नवंबर के पहले सप्ताह से जम्मू संभाग के विंटर जोन स्कूलों में बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं आरंभ हो रही हैं। बोर्ड के लिए ग्रामीण इलाकों में बनाए गए परीक्षा केंद्र नकल को रोकना बड़ी चुनौती होगा।
दरअसल, इन परीक्षा केंद्रो तक पहुंचना बोर्ड की टीम के लिए परेशानी होगी। हाल ही में सामने आए नकल के मामलों में पुलिस व स्टाफ की मिलीभगत ने चुनौती को और बड़ा कर दिया है।
पिछले दिनों डोडा और उधमपुर जिले में बोर्ड की प्राइवेट परीक्षा के दौरान नकल के दो मामले सामने आए। डोडा जिले में पुलिस कर्मी स्वयं परीक्षा केंद्र के अंदर जाकर विद्यार्थियों को नकल करवाते पाया गया था।
वहीं उधमपुर जिले के पंचैरी तहसील के हायर सेकेंडरी स्कूल पंचैरी में भी स्टाफ और पुलिस की नकल करवाने में मिलीभगत पाई गई थी।
नवंबर के पहले सप्ताह में जम्मू संभाग के पुंछ, डोडा, उधमपुर, भद्रवाह, किश्तवाड़ में बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं आरंभ हो रही हैं।
हालांकि, बोर्ड नकल को लेकर सख्ती से निपटने की तैयारी में जुटा है। बोर्ड के अधिकारियों ने सभी जिलों में स्थित बोर्ड के सब कार्यालयों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों में पहुंच कर छापेमारी करें। नकल के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के साथ रिपोर्ट जम्मू बोर्ड के पास भेजी जाए।