शोपियां मुठभेड़ में चार पत्थरबाजों के मारे जाने से नाराज श्रीनगर के अमर सिंह कॉलेज के छात्रों ने वजीर बाग इलाके में बवाल मचाया। सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। सुरक्षाबलों ने जब उन्हें खदेड़ा तो वे पथराव करने लगे। छात्रों ने इस दौरान वहां लगाए गए कैमरों के साथ-साथ अन्य पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया।
कॉलेज के सामने शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्टेडियम के बाहर सीआरपीएफ की एक पिकेट को भी आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा कश्मीर यूनिवर्सिटी, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, इस्लामिया कॉलेज हवाल, डिग्री कॉलेज सुंबल, हायर सेकेंडरी पट्टन, हायर सेकेंडरी हंदवाड़ा, डिग्री कॉलेज कुपवाड़ा के अलावा घाटी के अन्य सैकड़ों शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने प्रदर्शन किया। दक्षिणी कश्मीर के दियालगाम और शोपियां में भी हिंसक भिड़ंत देखने को मिली।
अलगाववादियों ने आज प्रदर्शन की अपील की
अलगाववादियों ने शुक्रवार को घाटी के लोगों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन की अपील की है। हुर्रियत (जी) के अध्यक्ष सैयद अली शाह गिलानी, हुर्रियत (एम) के अध्यक्ष मीरवाइज मोलवी उमर फारूक और जेकेएलएफ के चेयरमैन यासीन मलिक के नेतृत्व वाले ज्वॉइंट रेजिस्टेंस लीडरशिप (जेआरएल) ने यह अपील की है।
मीरवाइज ने बल प्रयोग की निंदा की
हुर्रियत (एम) के अध्यक्ष मीरवाइज मोलवी उमर फारूक ने छात्रों पर पुलिस के बल प्रयोग की निंदा की है। सोशल मीडिया ट्विटर पर ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि शोपियां और कंगन में सुरक्षा बलों की ज्यादती का विरोध करने वाले छात्रों पर पुलिस की जबर्दस्ती निंदनीय है। इसमें लड़कियों सहित कई छात्र घायल हो गए और अस्पताल में भर्ती हैं।