आगामी दो जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा में चंदनबाड़ी-शेषनाग ट्रैक पर बर्फ अभी भी चुनौती बनी हुई है। हालांकि इसके लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है, लेकिन अब भी शेषनाग कैंप और हैलीपैड के आसपास बर्फ पड़ी हुई है, जिसको हटाने में दिक्कत हो सकती है। पिछले वर्ष यात्रा अपने निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाई थी। इस वर्ष भी यात्रा को समय पर शुरू करना एक बड़ी चुनौती है।
सबसे बड़ी दिक्कत आने वाले दिनों में है। मौसम विभाग की माने तो सोमवार से तीन-चार दिनों के लिए मौसम बिगड़ने वाला है। ऐसे में बर्फ हटाने का काम प्रभावित हो सकता है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि 2 जुलाई से पहले बर्फ हटाकर पूरा मार्ग तैयार कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा होना संभव नहीं दिख रहा। अभी बर्फ ही नहीं हट सकी है तो रास्ता बनाने एवं सुविधाओं को उपलब्ध कैसे कराया जा सकता है।
यात्रा मार्ग पर बर्फ हटने के बाद ही यहां पर शौचालय स्थापित किए जा सकते हैं। टेंट भी बर्फ हटने के बाद ही लगाए जा सकेंगे। अनंतनाग के जिला उपायुक्त बशीर अहमद का कहना है कि बर्फ हटाने का काम तेजी से चल रहा है। पूरी कोशिश की जा रही है कि दो जुलाई से ट्रैक तैयार कर दिया जाए। यदि मौसम ठीक रहा तो काम पूरा कर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि गुफा के पास अब भी पांच से छह फुट तक ही बर्फ है।