सांबा। मीरा कम्यूनिकेशन से 4 नवंबर की रात को हुई चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। एक आरोपी को भी हिरासत में लिया है। उसके कब्जे से चुराए गए 7 मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता संदीप कुमार निवासी रख अंब-टाली सांबा ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि 4 नवंबर की रात को हाईवे के पास स्थित उसकी दुकान में चोर सेंध लगाकर कुछ मोबाइल और नकदी चोरी कर ले गए थे। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस चौकी सुपवाल के प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया था। इनमें अजय कुमार निवासी तहसील अर्नास, जिला रियासी ने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी इस समय नरवाल जम्मू में रह रहा था। उसके कमरे से चोरी के सात मोबाइल बरामद किए गए हैं।