ज्यौड़ियां। शिव आसन मंदिर बट्टल में शुक्रवार भगवान शिव और हनुमान की मूर्तियों को स्थापित कर दिया गया। मूर्तियों की स्थापना को लेकर तीन दिन से हवन का आयोजन किया जा रहा था। शुक्रवार को भंडारे का आयोजन भी किया गया।
मूर्तियों की स्थापना के बाद मंदिर परिसर में एक बार फिर से चहलपहल हो गई है। मंदिर की इतनी जल्दी मरम्मत कर लोगों को समर्पित करने पर मंदिर कमेटी ने जिला विकास प्राधिकरण और सेना का धन्यवाद किया। इस अवसर पर तहसीलदार खड़ाहबली नरेंद्र रैना, थाना प्रभारी खौड़ नीरज चौधरी, सेना के अधिकारियों सहित लोग उपस्थित रहे। मंदिर कमेटी ने एसडीएम खौड़ सतीश कुमार शर्मा और तहसीलदार खड़ाहबली नरेंद्र रैना तथा सेना का आभार जताते हुए बताया कि प्रशासन का अहम रोल रहा है। इसमें सेना की 9 पंजाब, 18 मराठा, 21 मैकेनाइज और 32 फील्ड रेजिमेंट शाखा शामिल है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज कुमार, सदस्य मास्टर यशपाल शर्मा, राकेश कुमार, बचन लाल, गारू राम तथा ब़टी कुमार ने बताया कि वैसे तो इस मन्दिर में हर रोज लोगों का आना जाना रहता है, लेकिन जन्माष्टमी और महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर दर्शन करने वाले लोगों की भीड़ रहती है।
गौरतलब है कि 28 अक्तूबर 2024 को आतंकवादियों और सेना के बीच हुई मुठभेड़ में मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया था। उसके दूसरे ही दिन जिला विकास प्राधिकरण और सेना के सहयोग से मंदिर का फिर से मरम्मत कार्य शुरू हो गया था। संवाद