श्रीनगर। प्रदेश की पहली कोरोना पॉजिटिव 67 वर्षीय खानयार निवासी महिला के हालत में सुधार हो रहा है। इस बीच उसकी टेस्ट रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। यह महिला 16 मार्च को सऊदी से लौटी थी। 18 मार्च को उसका टेस्ट पॉजिटिव आया था। यह जम्मू-कश्मीर का पहला पॉजिटिव मामला था।
स्किम्स के नोडल अफसर डॉ. ग़ुलाम हसन यत्तू ने बताया कि इलाज के बाद इस महिला के स्वास्थ्य में सुधार आया है। एक बार फिर उसके सैंपल जांच के लिए लैब भेजे थे जो अब निगेटिव आए हैं। फिर भी उसे एहतियातन 14 दिन तक आइसोलेशन में रखा जाएगा। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद उसे घर जाने की अनुमति दी जाएगी। डॉक्टरों के मुताबिक महिला को डब्ल्यूएचओ द्वारा निर्धारित एंटी वायरल दवाएं दी जा रही हैं। ज्ञात हो कि घाटी में सोमवार को चार और पॉजिटिव मामले आने के साथ संख्या बढ़कर 35 हो गई है।