स्टेट बैंक आफ इंडिया ने सोमवार को जिला स्तर की रिव्यू कमेटी की एक बैठक आयोजित की। इसमें जिला विकास आयुक्त ने वार्षिक क्रेडिट प्लान 2014-15 के तहत बैंकों की उपलब्धियों, डिपोजिट, एडवांसेज और सीडी रेशो की स्थिति के बारे में जाना।
लीड मैनेजर ने बैठक में डीडीसी और कमेटी के चेयरमैन अजीत कुमार साहु और अन्य सदस्यों को बताया कि 30 सितंबर तक जिला का डिपोजिट 21825.89 करोड़ और एडवांस 6967.57 करोड़ रहा है, जबकि सीडी रेशो 31.92 प्रतिशत रही। एसीपी 2014-15 के तहत बैंकों की उपलब्धि 11.57 प्रतिशत रही।
वार्षिक लक्ष्य 5650.07 करोड़ का था, ऐसे में उपलब्धि 655.299 करोड़ की दर्ज की गई है। चेयरमैन ने बैंकों को निर्देश दिए कि ज्यादा से ज्यादा तिमाही विकास कर वार्षिक लक्ष्यों को पूरा किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए कहा।
इस मौके पर अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त जी एन बलवान, सह विकास आयुक्त एचएच दत्त, प्रमुख योजना अधिकारी आरके शर्मा, आरबीआई की एजीएम ऋतु महाजन और अन्य अधिकारी मौजूद थे।