जम्मू में सरकार के दरबार (नागरिक सचिवालय और इससे जुड़े विभाग) के कामकाज कुछ दिनों ही यहां होंगे। 21 अप्रैल को दरबार मूव से जुड़े सभी विभागों की एडवांस पार्टियां श्रीनगर के लिए रवाना हो जाएंगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दरबार मूव की प्रक्रिया के तहत जम्मू में दरबार मूव से संबंधित सचिवालय समेत सप्ताह में पांच दिन काम करने वाले सरकारी कार्यालय 28 अप्रैल को बंद हो जाएंगे। जिन कार्यालयों में सप्ताह में छह दिन काम होता है, वह दफ्तर 29 अप्रैल को बंद होंगे। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दरबार मूव के कार्यालय आठ मई को खुलेंगे।
सरकारी आदेशानुसार सभी विभागों से कहा गया है कि वह कामकाज के आखिरी दिन यह सुनिश्चित करें कि रिकार्ड अच्छे तरीके से पैक हों। सभी विभागों से कहा गया है कि वह अपनी एडवांस पार्टियां, जिसमें एक गजटेड अधिकारी और पांच नान गजटेड अधिकारी शामिल होंगे, को श्रीनगर में रिकार्ड प्राप्त करने के लिए रवाना कर दें।