- मुख्यमंत्री ने एसकेआईसीसी में रोगी सुरक्षा पर राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान सौरा (एसकेआईसीसी) की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय रोगी सुरक्षा सम्मेलन का उद्घाटन किया। सीएम ने रोगी की सुरक्षा पर भी देखभाल जितना ही ध्यान देने पर जोर दिया।
इस सम्मेलन का विषय था हर गलती एक सबक, हर सबक एक सुरक्षित देखभाल। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एनसीपीएस की स्मारिका और एसकेआईएमएस की वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट का विमोचन भी किया। अपने उद्घाटन भाषण में उमर अब्दुल्ला ने आशा व्यक्त की कि इस तरह के सम्मेलन सरकार के लिए जम्मू-कश्मीर के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में लागू करने हेतु स्पष्ट सुझाव प्रस्तुत करेंगे जिससे बेहतर स्वास्थ्य सेवा और रोगी सुरक्षा मानक सुनिश्चित होंगे।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि इस सम्मेलन के माध्यम से ऐसे कार्यान्वयन योग्य बिंदु सामने आएंगे जिन्हें सरकार बड़े और छोटे दोनों अस्पतालों में अपना सकती है जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि रोगी सुरक्षा पर भी रोगी देखभाल जितना ही ध्यान दिया जाए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रोगी देखभाल और रोगी सुरक्षा का आपस में गहरा संबंध है, फिर भी ये स्वास्थ्य सेवा के अलग-अलग पहलू हैं।
उन्होंने कहा हि रोगी देखभाल का अर्थ है कि हम रोग का इलाज कैसे करते हैं। जैसे निदान, उपचार और रोगी के प्रति सहानुभूति। दूसरी ओर रोगी सुरक्षा का अर्थ है जीवन को खतरे में डालने वाली गलतियों से बचने के लिए हर संभव सावधानी बरतना। जब तक दोनों सुनिश्चित न हों, किसी भी उपचार को अच्छा नहीं माना जा सकता।
सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विचार-विमर्श केवल अकादमिक चर्चाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि व्यावहारिक उपायों में तब्दील होना चाहिए जिन्हें जम्मू-कश्मीर के अस्पतालों में दोहराया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलनों का सबसे बड़ा लाभ यह है कि हम दूसरों की सर्वोत्तम प्रथाओं से सीख सकते हैं और उन्हें अपनी विशिष्ट परिस्थितियों में अपना सकते हैं।