अनंतनाग में पकड़े आरोपी और बरामद नकली एके 47 व अन्य सामान। स्रोत पुलिस
- कोकरनाग के हिलर में एक घर में घुसकर धमका रहे थे, पुलिस ने टेरर एक्ट स्टंट गैंग बताकर दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। तीन युवकों को एके-47 और पिस्तौल के बल पर लोगों को डराना भारी पड़ गया। अनंतनाग पुलिस ने सोमवार को कोकरनाग के हिलर में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इन्हें टेरर एक्ट स्टंट गैंग बताया है। इनके पास से एक नकली एके-47 राइफल, एक नकली पिस्तौल और हरे रंग का पाउच बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक रविवार शाम को उन्हें सूचना मिली कि तीनों युवक हथियारों से लोगों को डरा रहे हैं। तीनों हिलर में रहने वाले अब्दुल मजीद के घर में घुस गए और उन्हें धमकाया।
आरोपियों की ओर से किए गए इस स्टंट टेरर एक्ट ने इलाके में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन युवकों यासिर अहमद कसाना निवासी सागाम कोकरनाग, एजाज अहमद निवासी वेरीनाग व शाहिद अहमद तेली निवासी हिलर कोकरनाग को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी टेरर एक्ट स्टंट गैंग के तौर पर लोगों को धमकाते थे। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।