मौसम विभाग ने आगामी दिनों में रुक-रुककर बारिश, बर्फबारी की जताई संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का आगाज हो गया है। विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हल्की बर्फबारी से पहाड़ सफेद चादर से ढकना शुरू हो गए हैं। वहीं, घाटी के अन्य इलाकों में मौसम उतार-चढ़ाव जारी है। आने वाले दिनों में रुक-रुककर बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि गुलमर्ग के ऊंचे इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। आने वाले दिनों में यहां रुक-रुक कर बर्फबारी होने की संभावना है। इससे मौसम में सुधार होना शुरू हो जाएगा। बर्फबारी के कारण यहां का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो शनिवार की तुलना में तीन डिग्री सेल्सियस कम था। इस बीच श्रीनगर का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी के लिए सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम था। इसी प्रकार जम्मू का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है।