गांदरबल। गांदरबल के वरिष्ठ राजनीतिक नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शेख जीए सालूरा ने आरोप लगाया है कि जिले में भूमाफिया सक्रिय है और कश्मीरी पंडित भाइयों की जमीनों पर अवैध कब्जा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी पंडितों की जमीनों को कुछ लोगों की ओर से भरकर और समतल किया जा रहा है जबकि प्रशासन इस पर चुप्पी साधे हुए है। शेख सालूरा ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए बताया कि तुलमुल्ला-सेपोरा लिंक रोड के किनारे लगभग 450 कनाल कृषि भूमि को कुछ अज्ञात व्यक्तियों की ओर से भरा और कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह लोग आखिर किस अधिकार से इस भूमि पर कब्जा कर रहे हैं और उन्हें यह ज़मीन मिली कैसे।
सालूरा ने कहा कि यह एक गंभीर चिंता का विषय है क्योंकि हमारे प्रवासी कश्मीरी पंडित भाई, जो हमसे दूर रह रहे हैं, इस तरह से ठगे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर की पहचान इसकी साझा संस्कृति और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे में है, और ऐसे में यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम पंडित भाइयों की संपत्तियों की रक्षा करें। उपायुक्त गांदरबल का यह प्राथमिक कर्तव्य है कि वह ऐसी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और भूमाफिया पर सख्त कार्रवाई करें। संवाद