रणजी ट्रॉफी के मैच के दौरान शाॅट खेलता बल्लेबाज। संवाद
- शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बनाए 21 रन
- आकिब नबी ने लिए पांच विकेट, टीम को जीतने के लिए चाहिए 243 रन
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। रणजी ट्रॉफी के पहले मैच की पहली पारी में 61 रन से पिछड़ने के बाद जम्मू-कश्मीर की टीम ने मुंबई को 181 पर समेट दिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उसने एक विकेट के नुकसान पर 21 रन बनाए थे। जम्मू-कश्मीर को जीतने के लिए 243 रन बनाने हैं।
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में पहला मैच मुंबई और जम्मू-कश्मीर के बीच खेला जा रहा है। पहले दिन टॉस जीतकर जम्मू-कश्मीर ने मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले दिन मुंबई ने पांच विकेट के नुकसान पर 336 रन बना लिए थे। दूसरे दिन दोपहर तक मुंबई की टीम 386 रन पर ऑल आउट हो गई। बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट खोकर 273 रन बना लिए थे।
तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर की टीम ने 52 रन पर अपने अंतिम तीनों विकेट गवां दिए। टीम ने 325 रन बनाए और पहली पारी में 61 रन से पिछड़ गई। दूसरी पारी में मुंबई के सरफराज खान (32), शम्स मुलानि (41) और आकाश आनंद (31) ही रन बना पाए। जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज आकिब नबी ने बल्लेबाजों को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया और पारी में पांच विकेट लिए। मुंबई की टीम 181 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह मुंबई ने 242 रन से बढ़त ले ली।
243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने अपना पहला विकेट चार रन के स्कोर पर शुभम खजूरिया के तौर पर गंवाया। शुभम शून्य पर पगबाधा करार दे दिए गए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर को एक विकेट के नुकसान पर 21 रन बनाए थे। उसे जीतने के लिए 222 रन और बनाने हैं, जबकि नौ विकेट अभी बाकी हैं।