अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के बीचोबीच स्थित लाल चौक के करीब प्रताप पार्क के पास सोमवार देर रात बेहोशी की हालत में मिले एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद अल्ताफ डिगू के रूप में हुई है जो श्रीनगर के बेमिना स्थित हमदानिया कॉलोनी का निवासी था।
स्थानीय लोगों ने उसे प्रताप पार्क के पास बेहोशी की हालत में पड़ा पाया जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और व्यक्ति को पास के एक अस्पताल ले गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण अभी आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। मेडिकल जांच की रिपोर्ट आनी बाकी है। अधिकारियों ने बताया कि बाद में पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के लिए शव कोठीबाग पुलिस स्टेशन के पुलिस दल को सौंप दिया।
पुलिस ने व्यक्ति की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। आगे की जांच जारी है।