अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकी हमलों की निंदा की है। साथ ही कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में स्थिति सामान्य नहीं है। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में मंगलवार को आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी की उसके घर के बाहर और सोमवार को पुलवामा में उत्तर प्रदेश के एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। रविवार को श्रीनगर में आतंकवादियों की गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया था।
श्रीनगर में प्रेसवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें इन लक्षित हमलों पर खेद है और हम उनकी निंदा करते हैं। सरकार से पूछते हैं कि कम से कम सच्च तो बोलें। अब्दुल्ला ने कहा कि जब भी सरकार की ओर से स्थिति में सुधार के बारे में बयान दिया जाता है, घाटी में लक्षित हमले होते हैं। कभी पुलिस को तो कभी नागरिकों को निशाना बनाया जाता है। स्थिति सामान्य नहीं है। सरकार लोगों को गुमराह कर रही है।
केंद्र शासित पदेश दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा तलब किए जाने के बारे में उमर अब्दुल्ला ने कहा कि विपक्षी दल और नेता राजनीति करने की कीमत चुका रहे हैं। इसमें (केजरीवाल को समन) नया क्या है? उनके डिप्टी सीएम अभी भी हिरासत में हैं। उम्मीद करते हैं कि पूछताछ के बाद केजरीवाल घर लौट आएंगे।