भाजपा महासचिव बोले-घाटी में चुनाव बाद में, प्रत्याशी घोषित करने में अभी समय
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। भाजपा महासचिव (जम्मू-कश्मीर) अशोक कौल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की तीन लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा। वही निर्णय लेता है, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं। कश्मीर में चुनाव बाद के चरणों में हैं, इसलिए हमारे पास प्रत्याशियों की घोषणा करने के लिए अभी समय है। भाजपा घाटी की सभी तीन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल 250 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी घाटी में तीनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। किसी भी गठबंधन का समर्थन नहीं कर रहे हैं। जो गठबंधन बन रहा है या आने वाला है, यह उनकी सोच है। देश में बहुत सारे गठबंधन बने हैं, हम किसी को रोक नहीं सकते हैं। इस मुद्दे पर संसदीय बोर्ड जो भी निर्णय लेगा, भाजपा कार्यकर्ता उसका पालन करेंगे।
अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा कश्मीर में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी बल्कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी विरोधी मोर्चे के संयुक्त उम्मीदवार का समर्थन कर सकती है। ऐसे संकेत मिले हैं कि गुलाम नबी आजाद की डीपीएपी और अल्ताफ बुखारी की अपनी पार्टी इन सीटों के लिए चुनाव पूर्व गठबंधन कर सकती हैं। इससे पहले, पुलवामा और बडगाम जिलों के कई लोग यहां भाजपा कार्यालय में शामिल हुए।