फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: केजरीवाल की गिरफ्तारी का भाजपा ने किया स्वागत, विपक्ष बोला-लोकतंत्र पर धब्बा

विज्ञापन
विज्ञापन
नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा, सत्तारूढ़ पार्टी की घबराहट को दर्शाती गिरफ्तारी
विज्ञापन



अमर उजाला ब्यूरो

श्रीनगर। कश्मीर के क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर धब्बा और राजनीतिक प्रतिशोध बताया। कहा कि इस कदम से दुनियाभर में देश की छवि को नुकसान पहुंचेगा। हालांकि, इस बीच भाजपा ने गिरफ्तारी का स्वागत किया।



जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि गिरफ्तारी सत्तारूढ़ पार्टी की उल्लेखनीय हद तक घबराहट को दर्शाती है। नेकां केजरीवाल और उनकी पार्टी के साथ खड़ी है। एक्स पर किए पोस्ट में उमर ने कहा कि 400 से अधिक सीटों की सभी चर्चाओं के बावजूद सत्तारूढ़ सरकार असाधारण घबराहट प्रदर्शित कर रही है। आम चुनावों की घोषणा के कुछ दिनों के भीतर एक मौजूदा विपक्षी सीएम को गिरफ्तार किया जाना लोकतंत्र पर एक धब्बा है।
विज्ञापन




गुपकार स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता में उमर ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी स्पष्ट रूप से चुनाव से जुड़ी हुई है। चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के कुछ ही दिनों के भीतर, आप देखते हैं कि मौजूदा मुख्यमंत्री और विपक्षी गठबंधन के एक महत्वपूर्ण हिस्से को ईडी ने मनमाने ढंग से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, केजरीवाल ईडी की कार्रवाई का सामना करने वाले पहले विपक्षी नेता नहीं हैं। कुछ हफ्ते पहले झारखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री भी इसी स्थिति में थे। उनके उपमुख्यमंत्री को भी पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। यह दुर्भाग्य से उस प्रक्रिया का एक हिस्सा है जिसके तहत इस देश में लोकतांत्रिक संस्थाएं धीरे-धीरे खत्म हो रही हैं एक बिंदु यह है कि अब उनका अस्तित्व लगभग समाप्त हो गया है। इस बीच भाजपा ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को सही करार देते हुए इसका स्वागत किया है। प्रदेश भाजपा के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने प्रेसवार्ता में कहा कि यह सही फैसला है। चाहे कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री हो या नहीं। ईडी ने उन्हें नौ बार तलब किया था। उच्च न्यायालय ने कल उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। यह साबित हो गया है कि वह घोटाले में शामिल हैं।
वहीं सज्जाद गनी लोन के नेतृत्व वाली जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (पीसी) ने कहा कि पार्टी केजरीवाल की गिरफ्तारी का समर्थन नहीं करती है। पार्टी प्रवक्ता अदनान अशरफ मीर ने 5 अगस्त, 2019 को केंद्र के फैसले जब अनुच्छेद 370 को रद्द कर दिया गया था, का समर्थन करने वाले केजरीवाल के ट्वीट का जिक्र करते हुए एक्स पर कहा कि हम उसकी गिरफ्तारी का समर्थन नहीं करते।




अरविंद की गिरफ्तारी निंदनीय : महबूबा



पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को निंदनीय करार दिया। श्रीनगर में प्रेसवार्ता में कहा कि कानून कहता है कि अपराधी सलाखों के पीछे होना चाहिए और निर्दोष व्यक्ति आजाद होना चाहिए। लेकिन, जब से भाजपा सत्ता में आई है, सभी भ्रष्ट व्यक्ति और अपराधी भाजपा में शामिल हो गए हैं और उनके पाप माफ हो गए हैं, वे साफ हो गए हैं। वे (भाजपा) 400 सीटें पार करने की बात कर रहे हैं, मुझे लगता है कि वे 200 सीटें भी पार नहीं करेंगे। उन्होंने कांग्रेस के बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए। वे चुनाव से पहले विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं। अत: यह अत्यंत निंदनीय है। चुनाव आयोग भाजपा की बी टीम है।
विज्ञापन



दुनिया में देश की छवि को पहुंचेगा नुकसान : तारिगामी
सीपीआईएम के सीनियर नेता मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र को बहुत पहले ही बंद कर दिया गया था, लेकिन अब ऐसा लगता है कि देश में, जो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में प्रसिद्ध है, लोकतंत्र को बंद कर दिया गया है। यह देश के लिए नुकसान होगा। दुनिया भर में देश की छवि है उसको नुकसान पहुंचेगा। भाजपा ऐसी रणनीति का सहारा ले रही है। क्योंकि, पार्टी आम चुनावों में अपनी चुनावी जीत को लेकर आश्वस्त नहीं है। आश्चर्य है कि इतने सारे संसाधनों का उपयोग करने, धर्म के नाम पर राजनीति करने के बावजूद वे ईडी का उपयोग किए बिना अपनी चुनावी संभावनाओं की रक्षा करने को लेकर आश्वस्त नहीं हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें